भाजपा सरकार किसान की सच्ची हितैषी : अमीरचंद मेहता

ऐलनाबाद, 7 अक्टूबर ( एम पी भार्गव )भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमीरचंद मेहता ने आज स्थानीय नोहर रोड स्थित अतिरिक्त अनाज मंडी में परमल धान की सरकारी खरीद शुरू करवाई। किसानों और वहां मौजूद लोगों ने लड्डू बांटकर खुशी प्रकट की।  इस अवसर पर अमीरचंद मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा की नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार वास्तव में एक किसान हितैषी सरकार है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने किसानों की फसल का एक-एक दाना सही समय पर और एमएसपी पर खरीदने का वादा किया है जिसे पिछले 11 वर्षों में भाजपा की सरकारों ने लगातार निभाया भी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आय को दोगुना करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसलिए किसानों की फसल का पूरा दाम उन्हें समय पर दिया जाएगा। अनाज मंडियों में फसल लेकर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। सरकारी तंत्र ने किसानों की सुख सुविधा के लिए सारी व्यवस्थाएं पूरी कर ली है। किसान की फसल के एक-एक दाने का उठान सही समय पर किया जाएगा और किसान को उसकी फसल का पूरा मूल्य सही समय पर मिलेगा। इधर हैफेड के मैनेजर राजेंद्र सिंह ने बताया कि इस समय 12 पॉइंट तक नमी वाली धान की फसल को खरीदा जा रहा है। इसलिए किसान अपनी फसल को बिल्कुल साफ सुथरा करके और अच्छी तरह सुखाकर ही मार्केट में लेकर आये ताकि उन्हें फसल की बिक्री में किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के सचिव बलराज बाना, मार्केट कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन भगवान सिंह बाजवा, वाईस चेयरमैन चंद्रप्रकाश सोनी, कच्चा आढ़तिया एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह झोरड़, हैफेड के मैनेजर राजेन्द्र सिंह, मार्किट कमेटी के धर्मपाल सहारण, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष जसवीर चहल, सुभाष चौहान, जयचंद ब्यावत, मनजीत धालीवाल, धीरज तनेजा  भूराराम डूडी, हैप्पी मेहता, अनिल भादू, गजानंद स्वामी व दौलतराम इटकान सहित अन्य कई प्रमुख लोग भी उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.