Bihar Assembly Election 2025: अक्षरा सिंह और मैथिली ठाकुर के राजनीति में आने की अटकलों से गरमाया बिहार का सियासी माहौल

बिहार में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय चुनाव आयोग ने सोमवार (6 अक्टूबर) को तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके बाद से ही पूरे राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों और रणनीतियों को लेकर सक्रिय हो चुके हैं। इस बीच दो लोकप्रिय चेहरों—भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह और गायिका मैथिली ठाकुर—के राजनीति में आने की चर्चा जोरों पर है।

अक्षरा सिंह की गिरिराज सिंह से मुलाकात ने बढ़ाई अटकलें
भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की और तस्वीर साझा करते हुए लिखा—“आज बिहार के केंद्रीय मंत्री माननीय गिरिराज सिंह जी से शिष्टाचार मुलाकात और आशीर्वाद प्राप्त हुआ।”

जैसे ही यह पोस्ट सामने आई, सोशल मीडिया पर यूजर्स ने कमेंट करते हुए सवाल किया कि क्या अक्षरा सिंह भी चुनावी मैदान में उतरने जा रही हैं। हालांकि अभी तक न तो अक्षरा सिंह और न ही गिरिराज सिंह की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक बयान आया है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह बीजेपी की ओर से युवा और महिला मतदाताओं को आकर्षित करने की रणनीति हो सकती है।

मैथिली ठाकुर ने जताई चुनाव लड़ने की इच्छा

वहीं, लोकप्रिय लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने भी स्पष्ट किया है कि अगर उन्हें बीजेपी की ओर से टिकट मिलता है तो वे दरभंगा या मधुबनी क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहेंगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य अपने क्षेत्र के विकास के लिए काम करना है।
मैथिली ठाकुर ने आगे बताया कि “दरभंगा और मधुबनी दोनों ही मेरे घर हैं। अगर पार्टी मौका देती है, तो मैं अलीनगर या बेनीपट्टी सीट से जरूर चुनाव लड़ना चाहूंगी।”

गौरतलब है कि 5 अक्टूबर को मैथिली ठाकुर ने बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावडे और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात की थी, जिसके बाद से ही उनके चुनावी मैदान में उतरने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

बिहार की राजनीति में अक्षरा सिंह और मैथिली ठाकुर जैसे लोकप्रिय चेहरों की एंट्री से इस बार का चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प होता नजर आ रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.