रामपुर: पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक मोना सिंह के नेतृत्व में विशेष महिला सुरक्षा दल द्वारा जनपद स्तरीय अभियान के तहत थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित Symbiosis Public School में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन हेतु जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा दल ने पंपलेट वितरित कर विभिन्न महिला हेल्पलाइन नंबरों — 1930 (साइबर क्राइम), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड लाइन) और 102 (स्वास्थ्य सेवा) — की विस्तृत जानकारी दी।
छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचने के उपायों के बारे में भी बताया गया। सुझाव दिए गए कि
किसी भी प्रलोभन में आकर अनजान लिंक पर क्लिक न करें,
अपना बैंक खाता नंबर, पिन, ओटीपी, सीवीवी जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें,
किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर cyber portal पर शिकायत करें या 1930 पर कॉल करें।
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 2025 की तैयारियों की समीक्षा बैठक
रामपुर: जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में आगामी पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 2025 को लेकर एक गोष्ठी का आयोजन किया। बैठक में परीक्षा के सुचारु एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु आवश्यक तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) द्वारा खुर्शीद इंटर कॉलेज में भी एक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
महिला थाना रामपुर ने दो पारिवारिक विवादों में निभाई अहम भूमिका
रामपुर: मिशन शक्ति अभियान–5.0 के अंतर्गत संचालित मिशन शक्ति केन्द्र, महिला थाना रामपुर द्वारा दो अलग-अलग महिला संबंधित प्रकरणों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
पहले मामले में, थाना शहजादनगर क्षेत्र की एक महिला ने ससुराल पक्ष द्वारा दहेज मांग और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला थाना प्रभारी रजनी द्विवेदी, मिशन शक्ति केन्द्र प्रभारी दीपा चौहान, उनि इस्तेजाब अली खान और कांस्टेबल स्वेता कुमारी द्वारा दोनों पक्षों को बुलाकर काउंसलिंग कराई गई, जिससे आपसी मतभेद का सौहार्दपूर्ण समाधान हो गया। दोनों पति-पत्नी ने साथ रहने का निर्णय लिया।
दूसरे मामले में, थाना गंज क्षेत्र की एक महिला ने भी ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया था। मिशन शक्ति केन्द्र प्रभारी दीपा चौहान, उनि इस्तेजाब अली खान व कांस्टेबल आशु यादव ने दोनों पक्षों को बुलाकर वार्ता कराई, जिसके परिणामस्वरूप परिवार टूटने से बच गया और दोनों पति-पत्नी ने नया जीवन शुरू करने का संकल्प लिया।
