रामपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर सोमवार को गांधी समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, अध्यक्ष जिला पंचायत ख्याली राम लोधी, जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह, पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गांधी समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किए और प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
राज्यमंत्री ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर पूरे विश्व को नई दिशा दी। उन्होंने न केवल भारत की स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण योगदान दिया बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए आदर्श स्थापित किए। युवाओं और विद्यार्थियों से उन्होंने आह्वान किया कि वे गांधीजी के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री जी के योगदान का भी स्मरण किया गया। राज्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी सादगी, ईमानदारी और देशभक्ति के अद्वितीय उदाहरण थे। उनके कार्यकाल में भारत ने 1965 का युद्ध लड़ा, जिसमें उन्होंने शांत और दृढ़ नेतृत्व का परिचय दिया। उनका दिया नारा “जय जवान, जय किसान” आज भी हर भारतीय को आत्मनिर्भरता और परिश्रम की राह दिखाता है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गांधीजी ने समाज से कुरीतियों को मिटाने और स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया, जबकि शास्त्री जी ने देश की शक्ति और आत्मनिर्भरता को नई पहचान दी।
जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी लोगों को देश की एकता, अखंडता और अहिंसा के मार्ग पर चलने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं ने रामधुन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्ति और देशभक्ति से सराबोर कर दिया। जिलाधिकारी ने छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मौजूद सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया और उन्हें नमन किया।
