रामपुर। उत्तर प्रदेश सरकार में सहकारिता मंत्री एवं रामपुर जनपद के प्रभारी मंत्री माननीय जेपीएस राठौर ने आज रामपुर के संत शिरोमणि दास गेस्ट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू किया गया नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी देश की 140 करोड़ जनता के लिए दिवाली का बड़ा उपहार साबित होगा।
मंत्री राठौर ने कहा कि रोजमर्रा की आवश्यक खाद्य वस्तुओं को 5% या शून्य जीएसटी स्लैब में लाने से आम जनता को राहत मिलेगी। अब पराठा, रोटी और अन्य प्रमुख घरेलू खाद्य पदार्थ पूरी तरह जीएसटी मुक्त या न्यूनतम कर पर उपलब्ध होंगे।
खिलौनों और शिक्षा क्षेत्र में राहत
उन्होंने बताया कि खिलौनों और खेल सामग्री पर जीएसटी 12% से घटाकर 5% कर दिया गया है। इससे न केवल बच्चों के विकास को बढ़ावा मिलेगा बल्कि “वोकल फॉर लोकल” पहल को भी बल मिलेगा। साथ ही स्कूल और विश्वविद्यालय शिक्षा पर जीएसटी पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। पेंसिल, रबड़ और कॉपी जैसी शिक्षण सामग्री भी अब करमुक्त हो गई है।
स्वास्थ्य और औषधि क्षेत्र को लाभ
व्यक्तिगत स्वास्थ्य बीमा को जीएसटी से छूट दी गई है, जिससे मध्यम वर्गीय परिवारों पर वित्तीय बोझ कम होगा। वहीं दवाओं और औषधियों पर जीएसटी 12% से घटाकर 5% या शून्य कर दिया गया है। इससे मरीजों को सस्ती दवाइयाँ उपलब्ध होंगी और “विश्व की फार्मेसी” के रूप में भारत की भूमिका मजबूत होगी।
युवाओं और उद्योग जगत को सहूलियत
जिम और फिटनेस सेंटर पर जीएसटी 18% से घटाकर 5%
दोपहिया वाहनों (≤350 सीसी) और छोटी कारों पर जीएसटी 28% से घटाकर 18%
सीमेंट पर जीएसटी 28% से घटाकर 18%
ड्रोन पर 5% का समान जीएसटी
चमड़ा, जूते, कपड़ा, हस्तशिल्प पर जीएसटी 5%
इन सुधारों से युवाओं, एमएसएमई उद्योगों और स्टार्टअप्स को मजबूती मिलेगी।
मंत्री राठौर ने कहा कि ये बदलाव देश की अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ ही हर वर्ग के जीवन को आसान बनाएंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार, विधायक आकाश सक्सेना, विधायक राजबाला, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, ब्लॉक प्रमुख जगपाल यादव, अर्चना गंगवार, कुलवंत औलख, मोहित सैनी, अर्जुन रस्तोगी, अशोक बिश्नोई सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
