चंडीगढ़। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के एक साल बाद कांग्रेस आला कमान ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अंदर नई नियुक्तियां कर दी हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को फिर से हरियाणा कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा अब हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता होंगे। इसके साथ ही हरियाणा कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट के ही नेता पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह को बनाया गया है। कांग्रेस में दोनों प्रमुख नियुक्तियां होने के बाद सियासी गलियारों में चर्चा है कि अगर यही सब करना था तो आखिर राहुल गांधी एक साल से कौन सा मंथन कर रहे थे।
हरियाणा में 5 अक्टूबर 2024 को विधानसभा चुनाव हुआ था। 90 सदस्य विधानसभा के लिए 8 अक्टूबर को घोषित चुनाव परिणाम में भारतीय जनता पार्टी ने जीत की हैट्रिक लगाई थी, तो इसके साथ ही कांग्रेस लगातार तीसरी बार सत्ता से दूर रह गई थी। चुनाव परिणाम से पहले जहां पूरे हरियाणा के अंदर भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे लेकिन चुनाव परिणाम में वह सभी दावे मुंह के बल गिरे। विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस सुप्रीमो राहुल गांधी ने अपनी टीम के सिपहसलारों के साथ बड़े लाल पीले तेवर दिखाते हुए संगठन में आमूल चूल परिवर्तन की बात कही थी अभी हाल ही में राहुल गांधी गुरुग्राम में आए थे तो वहां उन्होंने हरियाणा में युवा नेतृत्व की बात कही थी लेकिन सोमवार की देर शाम हुड्डा को विपक्ष का नेता तथा राव नरेंद्र सिंह को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी के नया मार्ग प्रशस्त कर दिया ।
