रामपुर: शराब मॉडल शॉप और कैंटीन वालों की दबंगई, रिक्शा चालक पर लाठी-डंडों से हमला, मोबाइल भी छीना

रामपुर। थाना गंज क्षेत्र के बिलासपुर गेट स्थित पेट्रोल पंप के पास बनी शराब की हट्टी और कैंटीन पर दबंगई का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात एक रिक्शा चालक सवारी से किराया लेने पहुंचा था। इसी दौरान शराब भट्टी पर काम करने वाले सूरज और आशीष ने रिक्शा चालक को पकड़कर बुरी तरह लाठी-डंडों से पीटा। मारपीट में रिक्शा चालक का हाथ फट गया और फ्रैक्चर हो गया।

पीड़ित रिक्शा चालक खून से लथपथ होकर वहीं रोता रहा। आरोप है कि दबंगों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मोबाइल फोन भी छीन लिया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना गंज पुलिस मौके पर पहुंची और सूरज को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जबकि आशीष मौके से फरार हो गया।

पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस ने घायल रिक्शा चालक को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाकर मेडिकल कराया और उसकी तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब की मॉडल शॉप और कैंटीन पर रोजाना विवाद होते रहते हैं। दुकानदारों पर आरोप है कि वे अवैध तरीके से शराब पिलाते हैं और दबंगई करते हुए लोगों को मारपीट में घायल कर देते हैं। इस मामले में पुलिस ने मॉडल शॉप स्वामी और कैंटीन स्वामी पर भी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसी अवैध शराब कैंटीन और हट्टियों पर सख्ती नहीं की गई तो आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आती रहेंगी।

वहीं, थाना गंज पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है और मामले को निपटा दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.