पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की सहायता कर लौटे विक्की का ग्रामीणों ने किया स्वागत

रामपुर। पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की सहायता करके लौटने पर ग्रामीणों ने सरदार विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की का स्वागत किया। चमरौआ ब्लॉक की ग्राम पंचायत मनकरा निवासी विक्रमजीत सिंह ने पंजाब में हजारों किलोमीटर ट्रेक्टर चलाकर बाढ़ पीड़ितों की सेवा की। वो वीर खालसा सेवा समिति की ओर से भेजे गए सहायता दल में शामिल थे। समिति की ओर से बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री भेजे जाने के अवसर पर शहर विधायक आकाश सक्सेना ने उन्हें रवाना किया था। विक्रमजीत सिंह जब अपने गांव वापस पहुंचे तो उनका फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन के जिला उपाध्यक्ष काशिफ खां ने कहा कि विक्की भाई ने पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की सहायता करके सराहनीय कार्य किया है। उनके स्वागत से अन्य युवाओं को भी अच्छे कार्यों की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने वीर खालसा सेवा समिति के अध्यक्ष अवतार सिंह के सामाजिक कार्यों की भी प्रशंसा की। इस मौके पर शहजान खां, सलीम अल्वी, मुनीर अहमद, शाकिर मलिक, ताहिर अली, बाबू खां, युसूफ, आसिम अली आदि मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.