ऐलनाबाद में वृंदावन के कलाकारो ने शुरू की भव्य श्री रामलीला

मुख्यातिथि स. मक्खनसिंह हंज़रा ने किया उदघाटन, सैंकडो दर्शकों ने श्रीरामलीला को सराहा

ऐलनाबाद, 24 सितंबर( डॉ एम पी भार्गव )शहर के श्री गौशाला मार्ग पर स्थित श्री रामलीला कमेटी के बैनर तले वृंदावन से आये कलाकारों ने भव्य श्रीरामलीला का मंचन शुरू कर दिया है। इस भव्य श्री रामलीला का उदघाटन स्थानीय हनुमानगढ़ रोड पर स्थित एन.वी.टी. थ्रेशर कम्पनी के निदेशक स. मक्खनसिंह हंज़रा ने बतौर मुख्यातिथि किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि स्थानीय नगरपालिका के चेयरमैन रामसिंह सोलंकी व उप चेयरमैन नीरज सुथार थे। अतिथियों को बैंड बाजे की धुन पर मंच तक लाया गया। जहां श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष सज्जन गोयल व उनकी कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने उनका माला व श्रीरामनाम का पटका पहनाकर स्वागत किया। अतिथियों ने प्रथम पूज्य देव भगवान श्री गणेश का तिलक कर उन्हें माल्यार्पण किया। बाद में सभी ने सामुहिक रूप से श्री गणेश जी की आरती की। मुख्यातिथि स. मक्खनसिंह हंज़रा ने कहा कि श्रीरामलीला में अनेकों आदर्श बताए गए है। इसलिए श्रीरामलीला को केवल देखना ही नही बल्कि उसमें बताए गए आदर्शों को अपने जीवन में धारण भी करना चाहिए ताकि हमारा कल्याण हो सके।

उन्होंने बताया कि बचपन मे वे भी रामलीला में भूमिका अदा किया करते थे। उन्होने रामलीला के कई डायलॉग भी बोलकर सुनाए जिस पर खुश होकर वहां उपस्थित दर्शकों ने तालियां बजाई। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नगरपालिका के चेयरमैन रामसिंह सोलंकी ने सभी को भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित की जा रही भव्य श्रीरामलीला के मंचन की बधाई दी। श्रीरामलीला कमेटी की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। श्रीरामलीला के प्रथम दिन वृंदावन से आये कलाकारों ने भव्य नारद मोह प्रसंग का मंचन किया। मध्यरात्रि तक चली श्री रामलीला को देखने सैंकड़ों महिला पुरुष दर्शकों ने बड़े भाव से देखा। कलाकारों की भाव भंगिमा, एक्टिंग और डायलॉग डिलिवरी को वहां उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर श्रीरामलीला कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि लढ़ा, उपाध्यक्ष ओपी पारीक व राधाकृष्ण पटीर, कोषाध्यक्ष व सचिव राजेश वर्मा, सह सचिव प्रवीण फुटेला, प्रेस प्रवक्ता सुभाष चौहान, कला मंच के डायरेक्टर अशोक जसरासरिया, कला मंच के अध्यक्ष सुखराम वर्मा, कला मंच के उपाध्यक्ष संजय शेखर, बीएम नागर, विनोद विक्टर, सुल्तान शर्मा, देवेंद्र गोयल, बसंत सरिया, अंकित जिंदल, नवशेर मान सहित अन्य कई गणमान्य जन भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत मे कमेटी अध्यक्ष सज्जन गोयल ने सभी पदाधिकारियों, सदस्यों व अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.