वृंदावन से आए कलाकारों ने मोहा मन, भक्ति रस में डूबे दर्शक”, “रामलीला मैदान में झलकी आस्था और उल्लास की अनोखी छटा”
रामलीला महोत्सव के नवें दिन भक्ति, कला और उल्लास का संगम
रामपुर। उत्सव पैलेस रामलीला ग्राउंड बुधवार को भक्ति और संस्कृति के ऐसे रंगों में रंगा कि हर कोई देर रात तक वहीं ठहरने को मजबूर हो गया। श्रीरामलीला महोत्सव का नवां दिन दिव्यता, उल्लास और अद्भुत प्रस्तुतियों का ऐसा अनोखा संगम बना कि हजारों की भीड़ देर रात तक पंडाल में डटी रही और “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों के बीच भक्ति रस में डूबती रही।
सुबह 9 बजे रासलीला और श्रीकृष्ण की निकुंज लीलाओं के साथ दिन का शुभारंभ हुआ। नटखट बाल कृष्ण की माखन चुराने की अदाएं और प्रेममयी छवियों ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी का मन मोह लिया। बच्चे ठहाकों से गूंज उठे, तो बुजुर्गों की आंखें भक्ति भाव से नम हो उठीं।
जैसे ही शाम ढली, रामलीला मैदान रंगीन रोशनियों, भक्ति संगीत और मंत्रोच्चार से जगमगा उठा। रात 8:30 बजे वृंदावन से आए कलाकारों ने मंच संभाला और अपनी जीवंत प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रीराम राज्याभिषेक की तैयारी, कैकई-मंथरा संवाद, दशरथ-कैकई संवाद, समरासुर वध, वन गमन और तमसा तट पर निवास जैसे प्रसंगों ने तालियों की गड़गड़ाहट और “जय श्रीराम” के नारों से पूरा वातावरण गूंजा दिया।
इस दौरान मुख्य अतिथि संजीव अग्रवाल, भारत भूषण गुप्ता एवं विजय वर्मा का समिति द्वारा पुष्पगुच्छ, शॉल और मोमेंटो भेंटकर सम्मान किया गया।
नवें दिन की प्रस्तुतियों ने जहां दर्शकों को भक्ति और भावनाओं की गहराई में उतारा, वहीं आने वाले दिनों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया। निस्संदेह, रामलीला महोत्सव की यह सांस्कृतिक और आध्यात्मिक यात्रा हर दर्शक के जीवन में अविस्मरणीय यादें जोड़ रही है। इस मौके पर अध्यक्ष विष्णु शरण अग्रवाल, महामंत्री वीरेंद्र कुमार गर्ग, सह अध्यक्ष सुनील कुमार गोयल सोनी ताऊ, सुभाष चन्द्र अग्रवाल ठेकेदार , ईश्वर सरन अग्रवाल, विनोद कुमार गुप्ता ठेकेदार, वेद प्रकाश वर्मा, अरविन्द कुमार अग्रवाल, मनोज कुमार अग्रवाल, निर्भय कुमार गर्ग, कमलेश कुमार अग्रवाल (एड.), डॉ. अजय कुमार अग्रवाल, अरुण कुमार अग्रवाल, राम प्रताप सर्राफ, अनिल कुमार चौरसिया , राजीव सरन गर्ग, विनीत कुमार अग्रवाल, शान्ति शरण राठौड़, हरिओम गुप्ता, मनोज कुमार अग्रवाल, श्रीराम अग्रवाल, रविन्द्र कुमार मिश्रा, संजय अग्रवाल, डॉ. सुमित कुमार गोयल आदि मौजूद रहे।
