लोक संपर्क विभाग की भजन पार्टी कलाकारों ने ग्रामीणों को दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के बारे में दी जानकारी

ऐलनाबाद ,सिरसा, 23 सितंबर ( एम पी भार्गव ) सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा जिला में शुरू किए गए विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत भजन पार्टियों द्वारा विभिन्न गांवों में पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देना है, ताकि हर पात्र व्यक्ति इन योजनाओं से लाभान्वित हो सके।
मंगलवार को विभागीय भजन पार्टी लीडर जुगती राम व सदस्य अमरजीत ने गांव मुन्नांवाली व मोडी में ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। इस दौरान कलाकारों ने ग्रामीणों को दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के बारे में बताया।  कलाकारों ने बताया कि 25 सितंबर 2025 को दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ किया जाएगा। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रति माह 2100 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से दी जाएगी। इसका पंजीकरण मोबाइल एप से होगा। पात्रता के लिए महिला की न्यूनतम आयु 23 वर्ष होनी चाहिए और परिवार की आय 1 लाख रुपये से अधिक न हो। उन्होंने पा़त्र परिवारों से आह्वान किया कि वे योजना का लाभ लेने के लिए अपना पंजीकरण अवश्य करवाए।
कार्यक्रमों के दौरान कलाकारों ने योजनाओं पर आधारित गीतों के माध्यम से लोगों को आयुष्मान भारत योजना, हैप्पी कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, विवाह शगुन योजना, लाडली योजना, स्वच्छ भारत अभियान, जल संरक्षण, पोषण अभियान, नशा मुक्ति अभियान के बारे में जागरूक किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.