Vaishno Devi Yatra: भूस्खलन के 22 दिन बाद फिर शुरू हुई वैष्णो देवी यात्रा, श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह

जम्मू-कश्मीर (Khabre Junction)। ‘जय माता दी’ के नारों की गूंज और भारी भीड़ के बीच माता वैष्णो देवी यात्रा बुधवार सुबह से एक बार फिर शुरू कर दी गई। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित इस पवित्र तीर्थ यात्रा को 22 दिन पहले भूस्खलन के चलते स्थगित कर दिया गया था। इस हादसे में 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और 20 लोग घायल हुए थे।

मौसम अनुकूल, श्राइन बोर्ड ने दी मंजूरी

अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही मौसम ने अनुकूल रुख अपनाया, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) ने यात्रा फिर से शुरू करने की अनुमति दी। सुबह 6 बजे से नए और पुराने दोनों मार्गों से यात्रा की इजाजत दी गई। इस दौरान सुरक्षा और रखरखाव कार्य पूरे कर लिए गए ताकि यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।

कटरा में फिर से चहल-पहल

यात्रा बहाल होते ही कटरा शहर में रौनक लौट आई। सुबह से ही श्रद्धालु बाणगंगा दर्शनी द्वार पर जुटने लगे और मंदिर तक पहुंचने के लिए भावुक और उत्साहित दिखे।

श्रद्धालु और व्यापारी दोनों खुश

यात्रा दोबारा शुरू होने से जहां श्रद्धालुओं में उत्साह है, वहीं स्थानीय व्यापारी, होटल मालिक और दुकानदारों ने भी राहत महसूस की। कटरा की अर्थव्यवस्था काफी हद तक इस यात्रा पर निर्भर करती है और यात्रा रुकने से यहां का कारोबार ठप हो गया था।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन का आभार जताया और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारू रूप से चल सके।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.