पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अकाल तख्त साहिब की अगुवाई में बड़ी बैठक, जत्थेदार ने सरकार को घेरा

अमृतसर। पंजाब में आई भीषण बाढ़ के बाद राहत कार्यों को तेज़ करने के लिए अकाल तख्त साहिब की अगुवाई में अमृतसर स्थित शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) मुख्यालय में आज एक अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में कई सिख जत्थेबंदियों, सामाजिक संस्थाओं और कलाकारों ने हिस्सा लिया।

जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कहा कि अब सभी संस्थाएं मिलकर एकजुट होकर सेवा कार्य करेंगी। उन्होंने बताया कि सोमवार तक Sarkar-e-Khalsa.org नाम की वेबसाइट और पोर्टल लॉन्च किया जाएगा, जिस पर सभी संस्थाओं का रजिस्ट्रेशन होगा। हर संस्था को दो वालंटियर देने होंगे और मंगलवार तक एक कंट्रोल रूम भी तैयार किया जाएगा।

जत्थेदार ने खुलासा किया कि 1600 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राहत कार्यों में सुस्ती और लापरवाही बर्दाश्त योग्य नहीं है। उनका कहना था कि प्रभावित परिवारों को उचित मुआवज़ा मिलना चाहिए, न कि उनके साथ मज़ाक किया जाए।

उन्होंने सेवा करते समय जान गंवाने वाले 35 वर्षीय युवक को श्रद्धांजलि दी और कहा कि कई संस्थाओं जैसे शिरोमणि कमेटी, खालसा ऐड, किसान जत्थेबंदियां और अन्य सामाजिक संगठनों ने अब तक निस्वार्थ सेवा की है। यह सभी संस्थाएं अब अकाल तख्त साहिब की अगुवाई में मिलकर राहत कार्य करेंगी।

जत्थेदार साहिब ने समाज में नफरत फैलाने वालों को भी कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कुछ भेसधारी लोग पंजाब का नाम खराब कर रहे हैं, लेकिन यह समय राजनीति का नहीं बल्कि सेवा का है।

इस अवसर पर महान संतों की सेवाओं का भी उल्लेख हुआ। बाबा सुखा सिंह सरहाली वाले और बाबा सतनाम सिंह किला आनंदगढ़ वाले सहित कई संतों ने अपने सेवादारों के साथ पुल और तटबंध बनाकर बड़े नुकसान को टाल दिया।

अंत में जत्थेदार ने कहा – “यह समय राजनीति करने का नहीं बल्कि एकजुट होकर बाढ़ पीड़ितों की सेवा करने का है, ताकि प्रभावित लोगों को नई उम्मीद दी जा सके।”

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.