गाजियाबाद ब्रेकिंग: रॉन्ग साइड में आ रही कार रोकने पर ट्रैफिक कांस्टेबल पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में ट्रैफिक नियम तोड़ने पर कार चालक ने ट्रैफिक पुलिस के जवान पर जानलेवा हमला कर दिया। मामला तब हुआ जब एक कार रॉन्ग साइड से आ रही थी और उसे रोकने की कोशिश कांस्टेबल ने की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दबंग कार चालक गौरव चौधरी ने कांस्टेबल पर अचानक ईंट से हमला कर दिया। ईंट सिर पर लगने से कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा। आनन-फानन में पुलिसकर्मियों और राहगीरों की मदद से घायल कांस्टेबल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी गौरव चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले और शासकीय कार्य में बाधा डालने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस घटना से पुलिस महकमे में आक्रोश व्याप्त है। ट्रैफिक पुलिस के अन्य जवानों ने कहा कि ड्यूटी के दौरान इस तरह के हमले न केवल खतरनाक हैं बल्कि कानून व्यवस्था के लिए भी बड़ी चुनौती हैं।

यह घटना एक बार फिर ट्रैफिक नियमों के पालन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.