रामपुर : व्यापारियों ने मंडी समिति की अव्यवस्थाओं पर जताया विरोध, समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन

रामपुर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल तिलक नगर कॉलोनी से जुड़े व्यापार मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कृषि उत्पादन मंडी समिति की अव्यवस्थाओं के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और नगर मजिस्ट्रेट से बैठक कर समस्याओं से अवगत कराया।

बैठक के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने कहा कि नवीन फल और सब्जी मंडी की दुकानें बहुत छोटी हैं, जिनमें पूरी गाड़ी का माल उतारने की जगह ही नहीं है। दुकानों के आगे बनाए गए चबूतरों पर पहले व्यापारियों ने अपने खर्चे से टीन शेड और तिरपाल लगवाए थे, ताकि माल को धूप और बारिश से बचाया जा सके। लेकिन हाल ही में मंडी प्रशासन ने बिना पूर्व सूचना के जेसीबी से टीन शेड ध्वस्त कर दिए, जिससे व्यापारियों को लाखों का नुकसान हुआ है।

व्यापारियों ने मांग की कि—

दुकानों के आगे पक्के टीन शेड लगाए जाएं।

नवीन मंडी की 75% खाली जमीन पर नई दुकानें और शेड बनाए जाएं।

मंडी में केवल एक गेट से आवागमन होता है, जिससे जाम की समस्या रहती है। इसलिए अन्य गेट भी खोले जाएं।

सब्जी मंडी में लगे हैंडपंप का पानी पीने योग्य नहीं है, अतः स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जाए।

नालियों की सफाई और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।

नगर मजिस्ट्रेट ने व्यापारियों की समस्याएं सुनने के बाद आश्वासन दिया कि मंडी समिति से जुड़े सभी मुद्दों पर कार्यवाही कर समाधान कराया जाएगा।

इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी, मंडल अध्यक्ष अब्दुल बासिक, प्रदेश मंत्री पप्पू खान, बाबू खान, मो. रफी, रशीद, दिलशाद अहमद, शाहिद अली, प्रदेश संगठन मंत्री फहीम अहमद, शादाब खान, साहब खान, गोपाल शर्मा, अब्दुल कादिर शराफत समेत सैकड़ों व्यापारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.