बदायूं। उत्तर प्रदेशीय अपराध निरोधक समिति लखनऊ के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव ने जनपद बदायूं में मोहम्मद शमसुद्दीन शम्स को दूसरी बार ज़िला सचिव नियुक्त किया है। उनकी इस पुनर्नियुक्ति पर कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने उनका फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया।
जिला सचिव शमसुद्दीन ने कहा कि समिति का उद्देश्य समाज को अपराधमुक्त बनाना है। संस्था का स्लोगन “अपराध से घृणा करो, अपराधी से नहीं” के अनुसार कार्य करते हुए बंदियों के जीवन में सुधार लाने के प्रयास निरंतर जारी हैं। उन्होंने कहा कि कमेटी के कार्यों का असर कारागारों में स्पष्ट रूप से देखा गया है।
पूर्व प्रधानाचार्य सी.पी. सिंह और डॉ. नेत्रपाल सिंह शैलानी ने बताया कि समिति द्वारा राम बारात, बाल्मीकि जयंती और गुरु गोविंद जयंती जैसे अवसरों पर शोभायात्राओं का स्वागत किया गया है। इसी क्रम में आगामी 5 सितंबर को बारावफात के जुलूस का इस्तकबाल भी कैंप लगाकर किया जाएगा।
पूर्व प्रधानाचार्य मोहम्मद खिजर अहमद ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि पिछले वर्ष शमसुद्दीन शम्स के नेतृत्व में ज़िला कारागार, वृद्धा आश्रम और कुष्ठ आश्रम में ऊनी वस्त्र, कंबल और फल वितरण जैसे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। इसी योगदान को देखते हुए उन्हें पुनः ज़िला सचिव नियुक्त किया गया है।
आरिफ नूरी ने सुझाव दिया कि इस बार बारावफात के मौके पर ज़िला कारागार के बंदियों को फल और बिस्किट वितरित किए जाएं, जिसे सभी ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी इंतज़ार हुसैन, अंसार अली, डॉ. अशरफ अली, धर्मपाल सिंह, अहमद नबी, मुहम्मद आरिफ नूरी, रामऔतार मिश्र, सगीर अली, तारिक अब्दुल्लाह सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
