- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
वाराणसी। पितृपक्ष के दौरान गया जी में पिंडदान और तर्पण के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। योगी सरकार ने काशी से गया जी तक विशेष बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।
यह बस सेवा सप्ताह के सातों दिन चलेगी। वाराणसी (कैंट) से बस रात 8 बजे रवाना होगी और बिहार के गया जी में अगले दिन सुबह 4 बजे पहुंचेगी। इस यात्रा का किराया 465 रुपये निर्धारित किया गया है।
बस का रूट वाराणसी (कैंट) से चंदौली–सासाराम–औरंगाबाद–शेरघाटी होते हुए गया जी तक रहेगा। श्रद्धालुओं के अलावा इस रूट पर आने-जाने वाले अन्य यात्री भी इस बस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। परिवहन निगम के अनुसार बस में यात्रियों की सहूलियत और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
पितृपक्ष के समय हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु गया जी जाते हैं। ऐसे में यह बस सेवा उनके लिए समय और खर्च दोनों की बचत करेगी और निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम करेगी। निगम का कहना है कि अगर यह सेवा सफल रहती है तो इसे नियमित रूप से संचालित करने पर विचार किया जाएगा।
गौरतलब है कि परिवहन निगम ने हाल ही में लखनऊ से बिहार के मुजफ्फरपुर के लिए भी सीधी अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू की है। इसका किराया 862 रुपये तय किया गया है। यह बस रात 2 बजे आलमबाग बस टर्मिनल से चलेगी और अगले दिन सुबह 4 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
नई बस सेवाओं से न सिर्फ श्रद्धालुओं और यात्रियों को सहूलियत मिलेगी बल्कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के योगी सरकार के प्रयासों को भी बल मिलेगा।
