प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के बीच टेलीफोनिक वार्ता, यूक्रेन और पश्चिम एशिया में शांति समाधान पर हुई चर्चा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने यूक्रेन और पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों पर विचार-विमर्श किया। साथ ही, भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, “अपने मित्र राष्ट्रपति मैक्रों से बहुत अच्छी बातचीत हुई। यूक्रेन और पश्चिम एशिया में संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।”
वार्ता के दौरान राष्ट्रपति मैक्रों ने वॉशिंगटन में यूरोप, अमेरिका और यूक्रेन के नेताओं के बीच हाल में हुई बैठकों का आकलन साझा किया। उन्होंने ग़ाज़ा की स्थिति पर भी अपने विचार रखे। साथ ही, भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के शीघ्र निष्कर्ष का समर्थन भी व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा जारी बयान के अनुसार, “प्रधानमंत्री मोदी ने संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान और शांति व स्थिरता की शीघ्र बहाली के प्रति भारत के निरंतर समर्थन को दोहराया। दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, सिविल न्यूक्लियर सहयोग, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा सहित द्विपक्षीय सहयोग एजेंडे की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और सशक्त करने तथा वर्ष 2026 को ‘वर्ष-ए-इनोवेशन’ के रूप में मनाने की संयुक्त प्रतिबद्धता जताई।”
