वाराणसी : SOG-2 की छापेमारी में 14 गिरफ्तार, गेस्ट हाउस की आड़ में देह व्यापार…

  • रिपोर्ट: सुकेश पांडेय

चितईपुर थाना क्षेत्र के भिखारीपुर डी०एल०डब्ल्यू० मार्ग स्थित शंकर नगर कॉलोनी में शुक्रवार को वाराणसी कमिश्नरेट की SOG-2 टीम ने बड़े पैमाने पर छापेमारी कर देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ किया। यह कार्रवाई ए०सी०पी० भेलूपुर गौरव कुमार के नेतृत्व में की गई।

पुलिस टीम ने एच०बी० पेइंग गेस्ट हाउस में दबिश देकर मौके से 8 महिलाओं और 4 पुरुष समेत कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया। गेस्ट हाउस अंकित मिश्रा के स्वामित्व में है, जिसे करीब एक वर्ष पूर्व सूरज पांडे को किराए पर दिया गया था।

छापेमारी के दौरान संचालक सूरज पांडे भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन SOG-2 जवानों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से कई आपत्तिजनक और संदिग्ध सामग्री मिली, जिनमें कंडोम, बियर की खाली केन, गांजा, सिगरेट के पैकेट, शक्तिवर्धक दवाएं और अन्य वस्तुएं शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार महिलाओं में ज्यादातर पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पेइंग गेस्ट हाउस की आड़ में लंबे समय से सेक्स रैकेट संचालित हो रहा था जिसका नेटवर्क अन्य शहरों और राज्यों तक फैला हो सकता है। इस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के लिए पुलिस जांच में जुट गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गेस्ट हाउस मालिक अंकित मिश्रा को इस अवैध गतिविधि की जानकारी थी या नहीं।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा और नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि ऐसे अवैध धंधों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.