- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मीरजापुर, 07 अगस्त 2025। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ‘सोमेन बर्मा’ के निर्देशानुसार अपर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एवं क्षेत्राधिकारी यातायात की उपस्थिति में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी की टीम, पीटीओ चतुर्थ की टीम, यातायात शाखा व जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से ई-रिक्शा और ऑटो पर वाहन स्वामी का नाम, मोबाइल नंबर और पता लिखवाने का विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान टीम ने वाहनों से संबंधित प्रपत्रों की जांच की और स्वामियों के वाहनों पर यह जानकारी निःशुल्क अंकित करवाई। इस पहल का उद्देश्य यात्री सुरक्षा को और मजबूत करना है, ताकि सवारी किसी भी स्थिति में वाहन मालिक से संपर्क कर सके।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। साथ ही सभी ई-रिक्शा और ऑटो चालकों/स्वामियों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों पर यह जानकारी स्वयं से अंकित कराकर इस प्रयास को सफल बनाने में सहयोग दें।
