रायबरेली, 6 अगस्त। पूर्व मंत्री और सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर बुधवार को उस समय हमला करने की कोशिश की गई, जब वह रायबरेली पहुंचे थे। मोटल चौराहे पर समर्थकों द्वारा किए जा रहे स्वागत के दौरान दो युवकों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हालांकि, वहां मौजूद समर्थकों ने हमलावरों को तुरंत पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।
हमलावरों को पुलिस ने लिया हिरासत में
सीओ सदर अमित सिंह ने बताया कि दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि जैसे ही तहरीर मिलेगी, मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी।
स्वामी प्रसाद मौर्य का तीखा बयान
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा,
“ये करणी सेना के नाम पर कीड़े-मकोड़े हैं जो कानून व्यवस्था की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। यह दिखाता है कि योगी सरकार में गुंडे-माफियाओं के हौसले कितने बुलंद हैं।”
हमलावर का बयान – “सनातन विरोध के कारण किया हमला”
वहीं, पुलिस की हिरासत में आए एक हमलावर ने मीडिया के सामने कहा कि,
“स्वामी प्रसाद मौर्य लगातार सनातन धर्म का विरोध करते हैं, इसी वजह से उन पर हमला किया गया।”
चंद्रशेखर आजाद ने हमले की निंदा की
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा –
“स्वामी प्रसाद मौर्य पर हमला निंदनीय और शर्मनाक है। लोकतंत्र में विचारों से असहमति का समाधान बहस और संवाद है, हिंसा नहीं।”
उन्होंने कहा कि यह कृत्य न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा पर हमला है, बल्कि लोकतंत्र और राजनीतिक मर्यादा पर भी चोट है। उन्होंने यूपी पुलिस से हमलावरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्वामी प्रसाद अक्सर रहते हैं विवादों में
गौरतलब है कि स्वामी प्रसाद मौर्य लगातार विवादित बयानों और टिप्पणियों के चलते सुर्खियों में रहते हैं, खासकर धार्मिक मुद्दों पर उनके बयानों को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलती हैं।
