पूर्व राज्यसभा सांसद श्वेत मलिक का आरोप: पंजाब में इमरजेंसी जैसे हालात, भगवंत मान सरकार कर रही लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश

अमृतसर। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक ने आज अमृतसर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर आरोप लगाया कि राज्य में इमरजेंसी जैसे हालात बना दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए इमरजेंसी लागू की थी, वैसा ही माहौल आज पंजाब में नजर आ रहा है।

 रंजीत सिंह गिल के घर विजिलेंस रेड को बताया सियासी साजिश
श्वेत मलिक ने हाल ही में अकाली दल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए रंजीत सिंह गिल के घर विजिलेंस रेड पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा,

“गिल वर्षों से प्रतिष्ठित रियल एस्टेट कारोबारी हैं। जब तक वह भाजपा में नहीं आए, तब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन जैसे ही भाजपा में शामिल हुए, अगले ही दिन रेड डाल दी गई। यह राजनीति से प्रेरित कदम है।”

 आप-कांग्रेस पर मिलभगत के आरोप
श्वेत मलिक ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को “एक ही थाली के चट्टे-बट्टे” करार दिया। उन्होंने एलओपी प्रताप सिंह बाजवा पर निशाना साधते हुए कहा,

“विधानसभा में ये लोग कलाकार बनकर अभिनय करते हैं, लेकिन दिल्ली में जाकर एक-दूसरे से गले मिलते हैं। विपक्ष का नाटक किया जा रहा है।”

लुधियाना उपचुनाव को बताया ‘सरकारी तंत्र की ताकत का दुरुपयोग’
उन्होंने लुधियाना उपचुनाव को याद दिलाते हुए कहा कि वहां सरकारी तंत्र, पुलिस तंत्र और गुंडा तंत्र का खुला दुरुपयोग हुआ।

“सरकार ने पैसों की बाढ़ बहा दी, लेकिन 2027 में जनता अपना जवाब देगी।”

 भाजपा मजबूत हो रही है, 2027 में सत्ता परिवर्तन तय
श्वेत मलिक ने दावा किया कि अब पंजाब में भाजपा का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है।

“कांग्रेस और अकाली दल का वोट बैंक टूट चुका है। अब आम आदमी पार्टी की असलियत भी जनता जान चुकी है। आने वाले चुनाव में भाजपा मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी।”

  सरकार पर लगाए कई और गंभीर आरोप
महिलाओं को ₹1000 महीना देने का वादा झूठ निकला

किसानों की ज़मीन लैंड पूलिंग एक्ट के जरिए छीनी जा रही है

स्कूल बंद कर दिए गए, अस्पतालों की हालत खराब

केंद्र सरकार के स्वास्थ्य फंड को राज्य सरकार खर्च नहीं कर रही

श्वेत मलिक ने कहा, “भगवंत मान को यह सत्ता हमेशा नहीं रहने वाली। जो कल तक मंच पर कॉमेडी करते थे, आज मुख्यमंत्री बनकर अहंकार में डूबे हैं। लेकिन जनता सब देख रही है और 2027 में अपना फैसला सुनाएगी।”

यह प्रेस वार्ता राजनीतिक हलकों में नए सियासी संघर्ष की आहट मानी जा रही है। विपक्ष ने भी अब आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने के संकेत दे दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.