रामपुर: डूंगरपुर मंडी की अव्यवस्थाओं पर भड़के व्यापारी, व्यापार मंडल ने उठाई पुनर्निर्माण की मांग

रामपुर | रामपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्व में तिलक नगर कॉलोनी से व्यापार मंडल के पदाधिकारी और व्यापारीगण एकजुट होकर मंडी समिति डूंगरपुर के व्यापारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान मंडी की बदहाल स्थिति पर प्रशासन के प्रति नाराज़गी जताई गई।

इस अवसर पर संगठन के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश अग्रवाल ने कहा कि नवीन मंडी स्थल डूंगरपुर नगर, रामपुर में सब्जी और फल आढ़तियों के शेड जबरन तोड़ दिए गए हैं, जिससे व्यापारियों और किसानों को धूप और बरसात में भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

नीतीश अग्रवाल ने बताया कि मंडी परिसर की लगभग 75% भूमि पर अब भी निर्माण अधूरा है, जबकि व्यापार मंडल लगातार अनुरोध करता आ रहा है कि इसे शीघ्र पूरा किया जाए।

उन्होंने मंडी की गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा:

तीनों गेटों में से केवल एक गेट चालू, शेष दो गेट बंद पड़े हैं

अधिकांश पानी के नल खराब व बंद, जल सुविधा ठप

सफाई व्यवस्था बेहद खराब, जिससे मंडी की छवि और शहर की स्वच्छता दोनों प्रभावित हो रही हैं

व्यापारियों ने कहा कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

इस मौके पर मंडल अध्यक्ष अब्दुल बासिक, प्रदेश मंत्री पप्पू खान, जिला अध्यक्ष राजीव शर्मा, युवा जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, बाबू खान टायर, शाहिद अली, आमिर अली, शाहिद खान आढ़ती समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

व्यापार मंडल ने मांग की कि प्रशासन मंडी की मूलभूत सुविधाओं का शीघ्र समाधान करे ताकि व्यापारी और किसान दोनों राहत महसूस कर सकें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.