शहरी क्षेत्रों में बाढ़ और जलभराव की समस्या को लेकर सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी ने सदन में उठाया मुद्दा
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर से सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी ने संसद सत्र के दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ की समस्या को लेकर गंभीर चिंता जाहिर की। उन्होंने आवास एवं शहरी मंत्रालय से प्रश्न करते हुए मांग की कि वर्षा जल निकासी परियोजनाओं के तहत नाले और नालियों का निर्माण कराया जाए।
सांसद ने कहा कि भारत सरकार द्वारा जल संरक्षण और वर्षा जल निकासी की दिशा में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं जिनका उद्देश्य भूजल स्तर को बढ़ाना, शहरी बाढ़ की समस्या को कम करना और पर्यावरण की स्वच्छता को बनाए रखना है। लेकिन उनके जिले रामपुर समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में इन योजनाओं का कोई ठोस लाभ नजर नहीं आ रहा है।
उन्होंने आग्रह किया कि केंद्र सरकार इन परियोजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करवाए, ताकि लोगों को हर साल जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
इस प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय आवास एवं शहरी मंत्रालय के राज्य मंत्री तोखन साहू ने सांसद को लिखित आश्वासन देते हुए कहा कि केंद्र सरकार राज्यों को वित्तीय एवं तकनीकी सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि अटल मिशन फॉर रेजुवेनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन (AMRUT) योजना के अंतर्गत नालियों और तूफान जल निकासी तंत्र के निर्माण व सुधार का कार्य चल रहा है, जिसे उत्तर प्रदेश सहित रामपुर में भी लागू किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी के निजी सहायक सैफ अनवर द्वारा साझा की गई।
