जम्मू-कश्मीर: गांदरबल में ITBP जवानों से भरी बस सिंध नदी में गिरी, सभी जवान सुरक्षित; चालक घायल

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

गांदरबल, 30 जुलाई: जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों को ले जा रही एक बस सिंध नदी में गिर गई। यह घटना गांदरबल के कुल्लन क्षेत्र में उस समय हुई जब इलाके में भारी बारिश हो रही थी।

हालांकि इस हादसे में किसी जवान की जान नहीं गई, यह गनीमत रही। सभी जवानों को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीमों ने त्वरित बचाव अभियान चलाया और बस में फंसे जवानों को बाहर निकाला।

चालक घायल, अस्पताल में भर्ती
अधिकारियों के मुताबिक, बस चालक को चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बस में कुल कितने जवान सवार थे।

हादसे के कारणों की जांच जारी
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बस दुर्घटना का कारण क्या था। हालांकि, भारी बारिश, फिसलन या तकनीकी खराबी को इस हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।

हथियार अब तक लापता
रेस्क्यू अभियान के दौरान सभी जवानों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कुछ हथियार अब तक नहीं मिल पाए हैं। प्रशासन और सुरक्षाबल संयुक्त रूप से सिंध नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रहे हैं।

घटना का वीडियो सामने आया
हादसे के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रेस्क्यू टीम को बस तक पहुंचते हुए और जवानों को निकालते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सिंध नदी का बहाव तेज था, जिससे बचाव कार्य में कठिनाइयाँ आईं, लेकिन प्रशिक्षित जवानों की तत्परता से सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।

स्थानीय प्रशासन और ITBP अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.