रामपुर जीएसटी कार्यालय पर व्यापारियों का जोरदार प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन — डिप्टी कमिश्नर मीडिया से बचते नजर आए

रामपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले रामपुर के व्यापारियों ने शुक्रवार को जीएसटी विभाग की मनमानी कार्यवाहियों के खिलाफ ज़बरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कमिश्नर संदेश कुमार जैन के माध्यम से अपर आयुक्त ग्रेड-1 राज्यकर को सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों में भारी रोष देखा गया। वहीं पत्रकारों के सवालों पर डिप्टी कमिश्नर संदेश कुमार जैन मीडिया से बचते नजर आए, जिससे अफसरों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए।

प्रमुख मांगें और व्यापारी वर्ग की चिंताएं:
GST की धारा-79 के तहत व्यापारियों के बैंक खाते सीज़ कर धनराशि निकाली जा रही है, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

ईमेल नोटिस प्रणाली से व्यापारी समय पर जानकारी नहीं प्राप्त कर पाते, जिससे अपील का अवसर छिन जाता है।

झांसी और एटा जैसे स्थानों पर मामूली जुर्माने के मामलों में स्कूटी और सोफा तक जब्त कर लेना अधिकारियों की मनमानी को दर्शाता है।

ई-वे बिल मौजूद होने के बावजूद वाहनों से ज़ुर्माना वसूली, और जुर्माना न जमा करने पर भ्रष्टाचार की शिकायतें व्यापारियों ने उठाईं।

व्यापारियों ने GST दरों में कमी, रिवाइज्ड रिटर्न दाखिल करने की सुविधा बहाल करने की मांग की।

व्यापारी नेताओं का बयान:
प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा ने कहा—

“GST को जटिल बना रहे अधिकारी। मनमर्जी और दमनकारी रवैया अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह व्यवस्था व्यापारियों के गले की फांस बन चुकी है।”

प्रदर्शन में व्यापारी नेता रहे शामिल
प्रदर्शन में शाहिद शम्सी, शोएब मोहम्मद खान, हारिस शम्सी, अवतार सिंह, चंद्रप्रकाश रस्तोगी, हरिस शमसी सहित दर्जनों व्यापारी नेता और व्यापार मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई, तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी रूप दिया जाएगा।
इस प्रदर्शन ने रामपुर में जीएसटी व्यवस्था के प्रति व्यापारी असंतोष को खुलकर सामने ला दिया है।

 

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.