रिपोर्ट: डॉ. एम. पी. भार्गव, ऐलनाबाद (हरियाणा)
ऐलनाबाद शहर का मुख्य बाजार, विशेषकर तलवाड़ा रोड, इन दिनों प्रशासनिक लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण बना हुआ है। स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि हल्की सी वर्षा भी बाजार की सड़कों को तालाब में तब्दील कर देती है, जिससे दुकानदारों और आमजन का जीवन दुश्वार हो गया है।
स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों का कहना है कि वे लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन नगर पालिका और उपमंडल प्रशासन इस समस्या से पूरी तरह वाकिफ होने के बावजूद भी आंखें मूंदे हुए हैं। ऐसा प्रतीत होता है जैसे उन्होंने “काम नहीं करना है” की शपथ ले रखी हो।
बारिश के बाद कीचड़, जलभराव और गंदगी के कारण बाजार में खरीदारी करना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि ग्राहक भी अब इस रास्ते से कतराने लगे हैं, जिससे व्यापार पर सीधा असर पड़ा है।
स्थानीय लोगों की मांग:
जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए
सड़क का पुनर्निर्माण किया जाए
नगर प्रशासन द्वारा नियमित सफाई कराई जाए
अब देखना यह है कि क्या नगर पालिका और उपमंडल प्रशासन लोगों की इस पीड़ा पर ध्यान देता है या फिर ऐलनाबाद का यह प्रमुख बाजार यूं ही प्रशासनिक उदासीनता की भेंट चढ़ा रहेगा।
