चन्ननके गांव में युवक की गोली मारकर हत्या, पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद

मेहता (पंजाब): मेहता थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चन्ननके गांव में शनिवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय जुगराज सिंह के रूप में हुई है। पूरी घटना नजदीकी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें देखा जा सकता है कि तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और जुगराज सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी युवक घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मेहता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

बताया जा रहा है कि मृतक जुगराज सिंह का किसी से पुराना विवाद भी हो सकता है, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.