रामपुर में हाउस टैक्स और वाटर टैक्स बढ़ोतरी के खिलाफ व्यापारियों का हल्ला बोल

नगर पालिका में की नारेबाजी, अध्यक्ष सना खानम को सौंपा ज्ञापन

रामपुर: रामपुर में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने नगर पालिका द्वारा हाउस टैक्स और वाटर टैक्स में लगभग 50 गुना वृद्धि के विरोध में सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। तिलक नगर कॉलोनी कार्यालय से एकजुट होकर व्यापार मंडल के पदाधिकारी और व्यापारी नगर पालिका परिषद पहुंचे, जहां उन्होंने अध्यक्ष सना खानम को ज्ञापन सौंपा और जमकर नारेबाजी की।

2019 से लगातार टैक्स में वृद्धि, जनता पर बढ़ रहा बोझ
राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक नगर पालिका रामपुर द्वारा हाउस टैक्स और वाटर टैक्स में भारी बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम जनता और व्यापारी वर्ग दोनों बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा अंधाधुंध नोटिस जारी कर लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “रामपुर शहर आर्थिक रूप से पहले ही पिछड़ा हुआ है, यहां रोजगार के अभाव में लगभग 40% जनता पलायन कर चुकी है। ऐसे में टैक्स की इस बेतहाशा वृद्धि ने जनता की कमर तोड़ दी है।”

गाजियाबाद मॉडल अपनाने की मांग
संगठन ने यह भी कहा कि जिस तरह गाजियाबाद नगर निगम में बोर्ड बैठक के माध्यम से टैक्स बढ़ाने का प्रस्ताव जनप्रतिनिधियों के सहयोग से निरस्त कर दिया गया, उसी तरह रामपुर में भी जनहित में ऐसा कदम उठाया जाए।

भारी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में व्यापारी और पदाधिकारी शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से:
जिला अध्यक्ष राजीव शर्मा, युवा जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुरेश यादव, जिला सचिव फईम अहमद, मंडल अध्यक्ष अब्दुल वासिक, प्रदेश मंत्री पप्पू खान, युवा नगर अध्यक्ष पुलकित, दिनेश रस्तोगी, ओम प्रकाश सागर, संजू शर्मा, विजय अग्रवाल, विजय सैनी, शाहिद खुसरो, इमरान खान, मेराज हुसैन, कन्हैया लाल पटवा, दिलशाद अहमद, प्रभात गर्ग, अंकुर अग्रवाल आदि सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।

व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि टैक्स वृद्धि को वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.