लेक टाहो नौका हादसा: जन्मदिन मना रहे एक ही परिवार के 4 सदस्यों समेत 8 की मौत

सैन फ्रांसिस्को: अमेरिका के लेक टाहो में सप्ताहांत पर आए अचानक और तेज़ तूफान के दौरान एक नौका पलटने से 8 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में उत्तरी कैलिफोर्निया के एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं, जो एक जन्मदिन समारोह मना रहे थे। यह हादसा हाल के वर्षों में लेक टाहो में हुआ सबसे भयावह नौका हादसा बताया जा रहा है।

जोश पिकल्स (37), उनकी मां पॉला बोज़िनोविच (71), पिता टेरी पिकल्स (73) और चाचा पीटर बेज़ (72) की इस दुर्घटना में मौत हो गई। यह परिवार पॉला बोज़िनोविच का जन्मदिन मनाने के लिए जोश के नए नौका पर झील में निकला था।

जोश की पत्नी जॉर्डन शुगर-कार्ल्सगार्ड ने एक बयान में कहा, “कोई भी शब्द उस पीड़ा और दुःख को बयान नहीं कर सकते जो हम इस समय महसूस कर रहे हैं। जो दिन खुशियों से भरा होना था, वह जीवनभर का दुख बन गया।”

जोश की पत्नी अपनी 7 महीने की बेटी के साथ घर पर ही थीं। यह दंपति 2023 में विवाह के बाद सैन फ्रांसिस्को और लेक टाहो दोनों जगह रहते थे। जोश DoorDash में और जॉर्डन Airbnb में कार्यरत थीं।

DoorDash के मुख्य वित्त अधिकारी रवि इनुकोंडा ने कहा, “जोश एक प्रेरणादायक सहयोगी थे। उनकी मौत से पूरा संगठन शोक में है।”

अमेरिकी कोस्ट गार्ड के मुताबिक, हादसे के समय 27 फुट लंबी नाव में 10 लोग सवार थे। यह हादसा लेक टाहो के दक्षिण-पश्चिम कोने पर स्थित D.L. Bliss स्टेट पार्क के पास हुआ। तूफानी हवाओं और 8 फीट तक ऊँची लहरों ने नौका को डुबो दिया।

मौसम विभाग के अनुसार, तूफान की तीव्रता अप्रत्याशित थी। 56 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं और तापमान सामान्य से बहुत नीचे चला गया, जिससे हालात और खराब हो गए।

बाकी मृतकों में टिमोथी ओ’लेरी (71), थेरेसा गिउल्लारी (66), जेम्स गक (69) और स्टीफन लिंडसे (63) शामिल हैं, जो न्यूयॉर्क और कैलिफोर्निया से थे।

लेक टाहो में हर साल डूबने और दुर्घटनाओं से मौतें होती हैं, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में मौतें दुर्लभ हैं। साउथ लेक टाहो पुलिस के अनुसार, “पिछले 16 वर्षों में ऐसा हादसा नहीं हुआ जिसमें 8 लोगों की एक साथ मौत हो गई हो।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.