पटवाई में मस्जिद व मजार ढहाए जाने पर बिफरे रामपुर सांसद, मौके पर पहुंचकर जताया विरोध

जिला प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप, बोले– बिना नोटिस के गिराया धार्मिक स्थल, लड़ूंगा हाईकोर्ट-सुप्रीम कोर्ट तक की कानूनी लड़ाई

रामपुर, 25 जून 2025: पटवाई कस्बे में मस्जिद और मजार को गिराए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी बुधवार को पटवाई पहुंचे और जिला प्रशासन की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। उन्होंने इसे धार्मिक स्थल के विरुद्ध “एकतरफा और गैरकानूनी कार्रवाई” बताया।

सांसद नदवी ने कहा कि जिस मस्जिद को तोड़ा गया वह लगभग 80 वर्ष पुरानी थी और उसका इंद्राज वक्फ बोर्ड में भी दर्ज है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने मस्जिद कमेटी को कोई कानूनी नोटिस नहीं दिया और ना ही उचित प्रक्रिया का पालन किया गया। इसके विपरीत, थाना पटवाई के कोतवाल ने दबाव बनाकर स्थानीय लोगों से सादा कागज पर जबरन हस्ताक्षर करवा लिए।

नदवी ने जिला प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि “यदि किसी भी धार्मिक स्थल को गिराना है तो पहले कानूनी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। केवल यह कहकर कि वह ज़मीन लोक निर्माण विभाग की है, मस्जिद को शहीद कर देना संविधान और लोकतंत्र दोनों के खिलाफ है।”

सांसद ने मौके पर मौजूद लोगों को आश्वासन दिया कि वह इस मसले को विधानसभा सत्र में उठाएंगे और यदि जरूरत पड़ी तो हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि “अगर भविष्य में किसी मस्जिद को बिना नोटिस तोड़ा गया तो मैं आंदोलन करूंगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।”

इस दौरान मौके पर उस्मान सिद्दीकी, अकरम, नजाकत अली, शन्नूखा, खालिद, आसिम खा, मीडिया प्रभारी महबूब अली पाशा, एडवोकेट हाफिज नूरी, नासिर शेख, अरशद एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.