नई दिल्ली, 23 जून — हाईवे पर सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने FASTag एनुअल पास की घोषणा की है, जो 15 अगस्त 2025 से देशभर में लागू होगा। इस नए सिस्टम के तहत आप सिर्फ 3000 रुपये रिचार्ज कर पूरे सालभर या 200 ट्रिप (जो भी पहले हो) तक टोल प्लाजा पर बिना रुके यात्रा कर सकेंगे।
क्या है FASTag एनुअल पास?
FASTag एनुअल पास, टोल टैक्स भुगतान की झंझट से राहत देने के लिए एक पूर्व निर्धारित भुगतान सुविधा है। इससे न सिर्फ बार-बार रिचार्ज करने की जरूरत खत्म होगी, बल्कि टोल पर लंबी कतारों और देरी से भी मुक्ति मिलेगी।
किन गाड़ियों के लिए मान्य है पास?
यह एनुअल पास अभी नॉन-कमर्शियल गाड़ियों (कार, जीप, वैन) के लिए ही लागू होगा। टैक्सी, ट्रक और बस जैसी व्यावसायिक गाड़ियों पर फिलहाल यह सुविधा नहीं दी गई है।
कहां मान्य होगा यह पास?
एनुअल पास सिर्फ नेशनल हाईवे टोल प्लाजा पर ही काम करेगा। स्टेट हाईवे या एक्सप्रेसवे जैसे मेरठ एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे आदि पर यह मान्य नहीं होगा।
कैसे होगा ट्रिप का कैलकुलेशन?
हर टोल पार करते वक्त एक ट्रिप गिना जाएगा। यदि आप राउंड ट्रिप करते हैं तो वह दो ट्रिप मानी जाएगी। बंद टोल सिस्टम में एंट्री और एग्जिट को एक ट्रिप ही माना जाएगा।
खत्म हो जाए ट्रिप या समय?
अगर 200 ट्रिप एक साल से पहले पूरे हो जाते हैं, तो आपको दोबारा 3000 रुपये रिचार्ज करना होगा। पार्किंग शुल्क एनुअल पास से नहीं, FASTag के मुख्य बैलेंस से कटेगा।
कहां से मिलेगा पास?
एनएचएआई और परिवहन मंत्रालय जल्द ही एक हाईवे ट्रैवल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा देगा, जिससे आप एनुअल पास ले सकेंगे।
कितनी होगी बचत?
यात्रा की आवृत्ति के अनुसार यह पास 1000 से 7000 रुपये तक की बचत करा सकता है। हालांकि यह सुविधा ट्रांसफरेबल नहीं होगी।
सरकार का उद्देश्य इस सुविधा से टोल प्रणाली को डिजिटल, तेज और विवाद रहित बनाना है, जिससे यात्रियों को सुविधा मिले और समय की बचत हो।
