अमृतसर में कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता, हथियार और हेरोइन के साथ 6 गिरफ्तार
बीकेआई आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश, पाकिस्तान से आ रहे थे हथियार: डीसीपी जांच
अमृतसर। कमिश्नरेट पुलिस को दो बड़ी कामयाबी मिली हैं, जिनमें हथियारों, हेरोइन और ड्रग मनी के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों से ड्रग्स, हथियारों और आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियों पर करारा प्रहार हुआ है।
डीसीपी जांच रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि सीआईए स्टाफ-3 की टीम ने एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान अमन उर्फ विशु, ध्रुव उर्फ बानू, इस्सू पुत्र बॉबी, राजबीर चड्ढा उर्फ रितिक पुत्र मनोज कुमार चड्ढा और हैदर भट्टी के रूप में हुई है।
इनके कब्जे से बरामद:
2 ग्लॉक .30 बोर पिस्तौल
5 जिंदा राउंड
100 ग्राम हेरोइन
₹20,000 नकद (ड्रग मनी)
पुलिस इनसे गहन पूछताछ कर रही है ताकि इनके नेटवर्क में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान की जा सके।
इसी के साथ सीआईए स्टाफ-1 ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए विशाल सिंह को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से .30 बोर की दो पिस्तौलें बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार विशाल सिंह का संपर्क विदेश में यूके निवासी धर्म सिंह उर्फ धर्म संधू से था। यह नेटवर्क बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ा हुआ था और पाकिस्तान से हथियारों की तस्करी कर रहा था।
डीसीपी इन्वेस्टिगेशन संधू के मुताबिक, यह गिरोह पंजाब में शांति व्यवस्था को भंग करने और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहा था, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जल्द गिरफ्तारी हो सकती है।
