आजमगढ़,: बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव से एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है, जिसमें थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह को ग्रामीणों द्वारा लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा जाता हुआ देखा जा सकता है। वीडियो में लगभग 8 से अधिक लोग खेत में थाना प्रभारी को घेरकर मारते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान गाली-गलौज के साथ हमलावरों को यह कहते सुना गया कि, “मार डालो, बचना नहीं चाहिए।”
सूत्रों के अनुसार, थाना प्रभारी एक दोपक्षीय विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। तभी अचानक ग्रामीणों ने उन पर हमला बोल दिया। पिटाई के दौरान राजीव कुमार सिंह को सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि चार अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि उनकी तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
आजमगढ़ में थाना प्रभारी पर लाठी-डंडों से हमला, खेत में घेरकर की गई पिटाई — VIDEO वायरल pic.twitter.com/1ykHuR7Ttq
— khabrejunction (खबरें जंक्शन) (@khabrejunc59176) June 19, 2025
वीडियो वायरल होने के बाद जिले में पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से बर्रा गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
