प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से की बातचीत, कहा – ऑपरेशन सिंदूर पर विराम किसी सौदे या मध्यस्थता का परिणाम नहीं
कनानास्किस (कनाडा), 18 जून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से टेलीफोन पर बातचीत की और स्पष्ट रूप से कहा कि पाकिस्तान के साथ ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शांति की स्थिति किसी मध्यस्थता या व्यापारिक समझौते के कारण नहीं बनी, बल्कि भारत के स्वतंत्र निर्णय का परिणाम थी।
जी7 शिखर सम्मेलन के समापन के बाद यह बातचीत हुई। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी से पूछा कि क्या वह कनाडा से लौटते समय अमेरिका आ सकते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों का हवाला देते हुए असमर्थता जताई। यह जानकारी भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से टेलीफोन पर बातचीत करते हुए स्पष्ट किया कि भारत द्वारा पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अमेरिका की किसी मध्यस्थता या व्यापारिक प्रस्ताव के कारण नहीं, बल्कि पाकिस्तान के अनुरोध पर अस्थायी रूप से रोका गया है।
दोनों नेताओं के बीच यह 35 मिनट की फोन वार्ता ऐसे समय पर हुई जब पिछले महीने ऑपरेशन सिंदूर को विराम दिया गया था। पीएम मोदी ने ट्रंप को जानकारी दी कि भारत ने यह ऑपरेशन पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों के खिलाफ चलाया था और यह भी दोहराया कि आतंकवाद को समर्थन देने वाले देशों को उसके परिणाम भुगतने होंगे।
यह बातचीत ऑपरेशन के ठहराव के बाद दोनों नेताओं के बीच पहली बार हुई। पीएम मोदी का यह रुख स्पष्ट संकेत है कि भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता को लेकर किसी भी अंतरराष्ट्रीय दबाव को स्वीकार नहीं करेगा।
