हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं के लिए आयोजित हुआ सम्मान कार्यक्रम
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मान कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारणकलेक्ट्रेट सभागार में मेधावी छात्र- छात्राओं को 21 हजार के चेक, टैबलेट, मैडल और प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
रामपुर शहर विधायक आकाश सक्सेना, जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह, पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र और जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार की उपस्थिति में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनपद का नाम रोशन करने वाले छात्र-छात्राओं को अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया और उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। इस दौरान प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी कराया गया। कार्यक्रम में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 10-10 मेधावी छात्र-छात्राओं में से प्रत्येक को 21 हजार रुपये का चेक, टैबलेट, मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान नेशनल गेम्स में प्रतिभाग करने वाले जनपद के 4 होनहार खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। हॉकी छात्रावास के खिलाड़ी अर्पित कुमार ने रजत पदक जीता, जिन्हें 25 हजार रुपए का चेक व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 3 अन्य खिलाड़ी कमर फैयाज खान, मानवेंद्र प्रताप सिंह और अंशु पांडे ने कांस्य पदक जीतकर जनपद का नाम रौशन किया, जिन्हें 15-15 हजार रुपए का चेक व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
शहर विधायक आकाश सक्सेना ने मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि इन सभी छात्र-छात्राओं ने जनपद के साथ-साथ अपने स्कूल और माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यही छात्र-छात्राएं जनपद का नाम रोशन करेंगे और प्रशासनिक एवं अन्य पदों पर पहुंचकर देश की सेवा करेंगे।
जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अपने भविष्य की तैयारी के लिए सभी बच्चे अपनी रुचि के अनुसार विषय का चयन करें और उस क्षेत्र में आगे बढ़कर लक्ष्य को प्राप्त करते हुए जनपद, प्रदेश व देश का नाम रौशन करें और अपने अभिभावकों और शिक्षकों को गौरवान्वित महसूस करायें।
पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने कहा कि कठिन परिश्रम, निष्ठा, शिक्षा के प्रति लगाव और शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही छात्र-छात्राओं को एक सही दिशा मिलती है।
सभी छात्र-छात्राओं को पूरी लगन, निष्ठा और ईमानदारी से प्रयास करने की आवश्यकता है जिससे उन्हें एक अच्छा भविष्य मिले और अपने सपने साकार होते हुए दिखें।
जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली ने बताया कि हाई स्कूल परीक्षा वर्ष 2025 में जनपद में 23891 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 21793 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। इस प्रकार जनपद का परीक्षा फल प्रतिशत 91.22 रहा, जबकि प्रदेश का हाई स्कूल परीक्षा फल 90.51प्रतिशत रहा है। इसी प्रकार इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2025 में 21866 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए थे जिनमें से 18221 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा उत्तीर्ण की, जो 83.33 प्रतिशत है, जबकि प्रदेश का कुल प्रतिशत 81.5 रहा है।

हाई स्कूल में जनपद का नाम रौशन करने वाले छात्र-छात्राओं में आरुषि, अंशिका, अल्फी, सचिन, अजय कुमार, अंशिका यादव, पूजा सैनी, शिवम कुमार, हिमांशु, अविनाश कुमार शर्मा और कोमल शामिल हैं। इसी प्रकार इंटरमीडिएट की परीक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं में गुलफिशा, दिपाली पाल, कनिष्का कश्यप, आस्था गंगवार, इफरा नूर, शिवम सिंह, अनस अंसारी, आफिया सैफी, रहमीन और अनिकेत शर्मा शामिल हैं।

