नायाब सपना, स्वस्थ समृद्ध हरियाणा अपना” मुहिम शुरू, कार्यक्रम
- मुख्यमंत्री के ओएसडी पहुंचेंगे सिरसा - भारतीय नारी शक्ति एसोसिएशन ने शुरू की नई पहल
ऐलनाबाद, 29 मई ( एम पी भार्गव )भारतीय नारी शक्ति एसोसिएशन ने *”नायाब सपना, स्वस्थ समृद्ध हरियाणा अपना” मुहिम शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 30 मई, शुक्रवार को सुबह 10 बजे राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी सिरसा स्कूल में कार्यक्रम रखा है। यह जानकारी एसोसिएशन की प्रदेशाध्यक्ष निताशा राकेश सिहाग ने दी। बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी जी के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा बतौर मुख्यातिथि पहुंचेंगे। वहीं जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा व पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक गुप्ता विशिष्ट अतिथि होंगे। निताशा ने बताया कि उक्त कार्यक्रम के संयोजक की भूमिका एसोसिएशन की जिला महासचिव अनिता सैनी को सौंपी है। अध्यक्ष सिहाग ने बताया कि संस्था पिछले लंबे समय से नशा उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता जैसे जनजागरण अभियान के सामाजिक सरोकारों में जुटी हुई है। “नशे को छोड़ो रिश्ते जोड़ो” अभियान से लेकर “हर शहर-गांव, पेड़ की छांव” के अलावा “चूल्हे से चौपाल तक” मुहिम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के अनेक कार्यक्रम चलाए। सिरसा जिला में ऐलनाबाद के बड़े गांव जमाल में संस्था के आह्वान पर नशे की विरुद्ध महिलाओं ने तीन किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर एक संदेश देने का काम किया। अभी फिर से संस्था का उद्देश्य है कि “नायाब सपना, स्वस्थ समृद्ध हरियाणा अपना” मुहिम के माध्यम से युवाओं व महिलाओं सहित जन-जन के बीच जाएंगे।
