टपूकड़ा :जिला कलेक्टर किशोर कुमार ने किया टपूकड़ा तहसील का औचक निरीक्षण
सरकारी अस्पतालों में इलाज करवाने की अपील, झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्ती जारी
टपूकड़ा : खैरथल-तिजारा जिले के कलेक्टर किशोर कुमार ने शुक्रवार को टपूकड़ा तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यालयीन कार्य प्रणाली तथा रिकॉर्ड की स्थिति का अवलोकन किया।
सरकारी अस्पतालों में इलाज करवाने की अपील
निरीक्षण के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में कलेक्टर किशोर कुमार ने आमजन से अपील की कि वे सरकारी अस्पतालों में ही अपना और अपने परिवार का इलाज करवाएं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने सभी सरकारी अस्पतालों में योग्य व प्रशिक्षित डॉक्टरों की नियुक्ति की है और सभी आवश्यक दवाएं निशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
गर्मी से निपटने के लिए विशेष इंतजाम
कलेक्टर ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी सरकारी अस्पतालों में दो बेड विशेष रूप से आरक्षित किए गए हैं। डॉक्टरों को अस्पतालों में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा हीट वेव से बचाव के लिए आवश्यक दवाएं और ओआरएस घोल के पैकेट अस्पतालों में उपलब्ध हैं, जिन्हें कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति निःशुल्क प्राप्त कर सकता है।
झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
जिला कलेक्टर ने कहा कि अवैध रूप से चल रहे क्लीनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों को आगाह किया कि वे ऐसे फर्जी चिकित्सकों से दूर रहें और केवल पंजीकृत एवं प्रमाणित डॉक्टरों से ही इलाज करवाएं।
सरकारी अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं और मुफ्त दवाएं
कलेक्टर ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में इलाज न केवल सुरक्षित है बल्कि सभी सुविधाएं और दवाएं मुफ्त में दी जाती हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक सरकारी चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
उपखंड अधिकारी और तहसीलदार रहे मौजूद
इस अवसर पर टपूकड़ा के उपखंड अधिकारी लाखन सिंह और तहसीलदार शैतान सिंह भी जिला कलेक्टर के साथ मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने निरीक्षण में सहयोग किया और स्थानीय प्रशासनिक स्थितियों से कलेक्टर को अवगत कराया।
