गाजियाबाद: थाना निवाड़ी पुलिस मुठभेड़ में गौकशी का वांछित आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार और मोटरसाइकिल बरामद
गाजियाबाद, 23 मई 2025: थाना निवाड़ी पुलिस ने गुरुवार को एक मुठभेड़ के दौरान गौकशी के वांछित आरोपी शान मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 12 बोर, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा गोकशी में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
थाना निवाड़ी पुलिस टीम 23 मई को निवाड़ी-मोदीनगर रोड पर गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि थाना निवाड़ी क्षेत्र में दर्ज गौकशी के एक मुकदमे में वांछित अभियुक्त शान मोहम्मद, निवासी कस्बा व थाना निवाड़ी, स्प्लेंडर बाइक से शेरपुर की ओर से आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने शेरपुर रोड पर ट्यूबवेल के पास चेकिंग शुरू की।
कुछ देर बाद जब संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा, तो मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से वह घायल हो गया। घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पूछताछ में बड़ा खुलासा:
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में शान मोहम्मद ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ 3 अप्रैल 2025 को ग्राम सारा के पास स्थित आम के बाग में गौकशी की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में थाना निवाड़ी पर मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
नाम: शान मोहम्मद पुत्र भूरे
निवासी: कस्बा व थाना निवाड़ी, गाजियाबाद
उम्र: लगभग 21 वर्ष
बरामद सामान:
एक अवैध तमंचा 12 बोर
एक जिंदा और एक खोखा कारतूस
गोकशी में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास:
थाना मुरादनगर में दर्ज चोरी का मामला
थाना निवाड़ी में दर्ज गौवध का मामला
थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर में चोरी व गैंगस्टर एक्ट के तीन मामले दर्ज
अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी एकत्र की जा रही है
गिरफ्तारी करने वाली टीम:
थाना निवाड़ी पुलिस टीम
पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को जल्द गिरफ्तारी और साहसिक कार्य के लिए सराहा गया है। आरोपी के अन्य साथियों की तलाश भी जारी है।
