रामपुर में तिरंगा यात्रा के दौरान बोले मुख्तार अब्बास नकवी – “टेरर की टकसाल को सेना ने किया ध्वस्त”

भारतीय सेना के पराक्रम को लेकर पाकिस्तान पर बोला तीखा हमला

रामपुर: पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने आज रामपुर में आयोजित “तिरंगा यात्रा” को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान की “टेररिस्ट टकसाल” और “आतंक की ज़मीन” पर करारा प्रहार कर आतंकवाद की जड़ें हिला दी हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सेना की यह कार्रवाई आतंकियों और उनके सरपरस्तों के लिए ऐसा घाव है जिसे वे जन्म-जन्मांतर तक नहीं भूल पाएंगे।

आतंकवाद को बताया पाकिस्तान की राष्ट्रीय त्रासदी
नकवी ने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद को अपनी राष्ट्रीय नीति बना लिया है, जो उसकी सबसे बड़ी त्रासदी बन चुका है। आतंकियों को संरक्षण देना, उन्हें पनाह देना और पालना – यही पाकिस्तान का पाप है।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने आतंक के अखाड़े में घुसकर आतंकियों को चित किया है, जिससे पूरी दुनिया को यह स्पष्ट संदेश गया है कि भारत आतंक के खिलाफ किसी भी हद तक जा सकता है।

‘भारत में तिरंगे की शौर्य यात्रा, पाकिस्तान में आतंक की शव यात्रा’
नकवी ने पाकिस्तान पर कटाक्ष करते हुए कहा, “भारत में तिरंगे की शौर्य यात्रा और पाकिस्तान में टेररिस्ट की शव यात्रा निकल रही है।” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का आतंकवाद को राष्ट्रीय उद्योग और दहशतगर्दों को राष्ट्रीय संपत्ति मानना उसकी बर्बादी की कहानी लिख रहा है।

विपक्ष पर साधा निशाना – ‘देश की जीत पर न करें राजनीति’
नकवी ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विपक्ष की आलोचना पर कहा कि कुछ लोग देश की जीत पर भी दुर्भावना का गीत गा रहे हैं। उन्हें ‘देश की विक्ट्री पर कन्फ्यूजन की मिस्ट्री’ से बाहर आकर राष्ट्रहित में सोचने की ज़रूरत है।

देश को हमारी सेना और मोदी जी पर पूरा विश्वास – नकवी
पूर्व मंत्री ने कहा कि आज पूरा देश हमारी सेना को नमन कर रहा है, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर अडिग भरोसा जता रहा है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि आज भारत में गर्व की तिरंगा यात्रा और पाकिस्तान में शर्म की आतंक यात्रा चल रही है।

तिरंगा यात्रा में कई प्रमुख नेता रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जेपीएस राठौर, जिला प्रभारी राजा वर्मा, पूर्व मंत्री शिव बहादुर सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, नगर विधायक आकाश सक्सेना, शाहबाद विधायक राजबाला, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, महिला आयोग सदस्य सुनीता सैनी, और कई पूर्व विधायक व भाजपा पदाधिकारी शामिल रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.