रामपुर सांसद मोहिब्बुल्लाह नदबी ने की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात, रामपुर को लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की मांग
रामपुर। रामपुर के सांसद मोहिब्बुल्लाह नदबी ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर रामपुर जिले की बुनियादी सड़कों और यातायात समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने एक पत्र सौंपते हुए विशेष रूप से तहसील स्वार, तहसील शाहबाद और सैदनगर ब्लॉक को लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे से जोड़ते हुए उत्तराखंड के लिए एक नया मार्ग बनाने की मांग की।
सांसद नदबी ने कहा कि भारत में आधुनिक सड़कों और एक्सप्रेसवे को पिछड़े इलाकों से जोड़ना न केवल वहां की जनता को यातायात सुविधाएं देगा, बल्कि इससे देश की अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा। उन्होंने संसद में अपने संबोधन के दौरान भी इस बात पर ज़ोर दिया था कि रामपुर जिला ऐतिहासिक और राष्ट्रीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह स्वतंत्रता के बाद भारत में विलय होने वाला पहला जिला था।
उन्होंने बताया कि आज भी स्वार, शाहबाद और सैदनगर जैसे क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से कटे हुए हैं और यातायात की मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। यदि इन क्षेत्रों को एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाता है, तो न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के क्षेत्र में अभूतपूर्व वृद्धि देखने को मिलेगी।
सांसद ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मांग को गंभीरता से लेगी और जल्द ही रामपुर जिले को नए एक्सप्रेसवे से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।
यह जानकारी सांसद के मीडिया प्रभारी महबूब अली पाशा एडवोकेट द्वारा दी गई।
