जयपुर: नीट परीक्षा में फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा — डमी कैंडिडेट बैठाने वाले गैंग का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

जयपुर, 05 मई 2025: राजस्थान की राजधानी जयपुर में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित नीट-यूजी और पैरा मेडिकल परीक्षा 2025 में फर्जीवाड़े की बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। जयपुर पश्चिम पुलिस ने एक ऐसे गैंग का भंडाफोड़ किया है, जो अयोग्य छात्रों की जगह पैसे लेकर डमी कैंडिडेट (सॉल्वर) को परीक्षा में बैठाने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, नकदी और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं।

जगतपुरा फ्लैट में दी गई दबिश, मिली हाईटेक साजिश के सबूत
डीसीपी अमित कुमार के मुताबिक, ATS और SOG के इनपुट पर एक विशेष टीम बनाई गई थी, जो लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। रविवार देर रात टीम ने जगतपुरा स्थित एक फ्लैट पर दबिश दी, जहां से 5 आरोपी पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

अजीत कुमार बराला (26)

सोहन लाल चौधरी (26)

नरेंद्र शर्मा (24)

संजय चौधरी (19)

रोहित गोरा (20)

इनके पास से 3 ब्लूटूथ डिवाइस, 2 ईयरबड, 4 मोबाइल फोन, 1 स्कॉर्पियो कार और 50 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। साथ ही फर्जी आईडी कार्ड और परीक्षा संबंधी दस्तावेज भी मिले हैं।

दिल्ली और अन्य राज्यों से भी थी गैंग की मॉनिटरिंग
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह दिल्ली और अन्य राज्यों से भी संचालित हो रहा था। परीक्षा के दिन आरोपी ब्लूटूथ और ईयरबड के जरिए बाहरी व्यक्तियों से प्रश्न हल करवा कर अंदर बैठे सॉल्वर तक उत्तर पहुंचाते थे। इसके बदले में अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली जाती थी।

18 सदस्यीय पुलिस टीम ने चलाया ऑपरेशन
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह पहले भी नीट, PPNET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जीवाड़े की कोशिश कर चुका है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में और भी खुलासे होने की उम्मीद है।
इस ऑपरेशन को सुरेंद्र सिंह, विशंभर कुमार, सुनील कुमार, नित्यानंद मीणा सहित कुल 18 पुलिसकर्मियों की टीम ने अंजाम दिया।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट, और हाल ही में लागू “परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम-2024” के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब गिरोह के अन्य साथियों और फर्जी परीक्षार्थियों की तलाश में जुटी है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.