राजस्थान: बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई

विधायक और दलाल 20 लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए

राजस्थान: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) जयपुर ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बागीदौरा (बांसवाड़ा) के वर्तमान विधायक जयकृष्ण पटेल और उनके सहयोगी विजय कुमार पटेल को 20 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई ACB मुख्यालय के निर्देश पर की गई।

2 करोड़ की रिश्वत मांगने का मामला, किस्त में ले रहे थे रकम
ACB के महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने जानकारी दी कि शिकायतकर्ता रविंद्र कुमार ने आरोप लगाया था कि विधायक जयकृष्ण पटेल उनके खिलाफ विधानसभा में अवैध खनन से जुड़े प्रश्न उठाकर दबाव बना रहे थे और इस आधार पर 2 करोड़ रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। विधायक ने किस्तों में यह राशि देने का दबाव बनाया था।

एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप किया
शिकायत की सत्यता की पुष्टि के बाद, एसीबी इंटेलिजेंस जयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक सरोज धायल की टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की। आज जयपुर में जैसे ही विधायक पटेल और दलाल विजय कुमार शिकायतकर्ता से 20 लाख रुपये की रिश्वत ले रहे थे, उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी अभियान जारी, आय से अधिक संपत्ति की जांच होगी
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में अलग-अलग टीमों द्वारा विधायक और दलाल के आवास एवं अन्य ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी है। इसके साथ ही, आय से अधिक संपत्ति के मामले में भी विस्तृत जांच की जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.