LG स्मार्टफोन यूज़र्स के लिए बुरी खबर, LG जून में बंद करेगा सभी मोबाइल सपोर्ट और अपडेट सर्विसेस
LG स्मार्टफोन यूज़र्स के लिए बुरी खबर
नई दिल्ली: दक्षिण कोरियाई कंपनी LG Electronics ने घोषणा की है कि वह अपने सभी स्मार्टफोन्स के लिए सपोर्ट और सॉफ्टवेयर अपडेट सेवाएं अगले महीने बंद कर देगी। कंपनी ने 2021 में स्मार्टफोन बाजार से बाहर होने के बाद तीन वर्षों तक अपडेट देने का वादा किया था, लेकिन अब यह अवधि समाप्त हो रही है।
30 जून को पूरी तरह बंद हो जाएंगी अपडेट सेवाएं
LG ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी दी है कि 30 जून 2025 की मध्यरात्रि (कोरियन समयानुसार) से उसके सभी स्मार्टफोन सॉफ्टवेयर अपडेट सर्वर स्थायी रूप से बंद कर दिए जाएंगे। इसका असर भारत में भी पड़ेगा क्योंकि भारतीय समयानुसार यह रात 8:30 बजे के आसपास लागू हो जाएगा।
किन सेवाओं पर पड़ेगा असर?
सर्वर बंद होने के बाद, LG स्मार्टफोन यूज़र्स को निम्न सेवाएं नहीं मिलेंगी:
Android OS के कोई भी नए अपडेट डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं हो पाएंगे।
FOTA (Firmware Over The Air), Update Centre, और LG Bridge जैसी सेवाएं बंद हो जाएंगी।
सर्विस सेंटर से भी कोई सॉफ्टवेयर अपडेट सपोर्ट नहीं मिलेगा।
फोन को रीसेट या प्रारंभिक स्थिति में लाने के बाद पहले से इंस्टॉल ऐप्स दोबारा डाउनलोड नहीं किए जा सकेंगे।
LG यूज़र्स को क्या करना चाहिए?
अगर आपके LG डिवाइस में कोई पेंडिंग अपडेट है, तो 30 जून से पहले उसे जल्दी से इंस्टॉल कर लें। इसके बाद न तो अपडेट मिलेंगे और न ही सुरक्षा पैच। चूंकि LG के अधिकांश फोन Android 15 से तीन जेनरेशन पीछे हैं, इसलिए अपडेट न मिलने से न केवल नए फीचर्स से वंचित रहना पड़ेगा बल्कि मैलवेयर और साइबर हमलों का खतरा भी बढ़ जाएगा।
क्यों हुआ LG स्मार्टफोन मार्केट से बाहर?
एक समय भारत सहित दुनिया के कई बाजारों में LG, Sony, HTC और Blackberry जैसे ब्रांड्स का दबदबा था। लेकिन धीरे-धीरे चीनी कंपनियों के उभार, नवाचार की कमी, विपणन रणनीतियों की विफलता और ग्राहकों की बदलती जरूरतों के साथ तालमेल न बैठा पाने के कारण ये ब्रांड पिछड़ते चले गए। LG का यह अंतिम कदम उसी यात्रा का अंतिम पड़ाव है।
