फरीदाबाद: लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव को बेड में छिपाने वाला आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच DLF ने हत्या के आरोपी को गोच्छी गांव से दबोचा
फरीदाबाद: फरीदाबाद के जवाहर कॉलोनी में लिव-इन रिलेशन में रह रही महिला सोनिया की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। क्राइम ब्रांच DLF की टीम ने आरोपी जितेन्द्र उर्फ बॉबी (49) को गोच्छी गांव से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देश में की गई।
सड़ी-गली लाश मिलने पर शुरू हुई जांच
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 26 अप्रैल को थाना सारन क्षेत्र के एक मकान से बदबू आने की सूचना मिली। जांच करने पर कमरे के बेड में महिला सोनिया (40) की सड़ी-गली लाश मिली। मकान मालिक सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि उसने उक्त कमरा आरोपी जितेन्द्र को किराए पर दे रखा था, जो सोनिया के साथ करीब एक साल से लिव-इन में रह रहा था।
गुस्से में की हत्या, बेड में छिपाया शव
पूछताछ में आरोपी जितेन्द्र ने खुलासा किया कि 21 अप्रैल को सोनिया उसकी पहली पत्नी से हुई बेटी के बारे में अभद्र बातें कर रही थी। इस पर गुस्से में आकर उसने सूट से सोनिया का गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने शव को बेड में डाल दिया और दो दिन तक कमरे में ही रहा। बदबू आने पर अगरबत्तियों का सहारा लिया, लेकिन जब स्थिति बिगड़ने लगी तो कमरा बंद कर फरार हो गया।
कमरे से तेज बदबू के बाद हुआ खुलासा
जब अन्य किराएदारों ने कमरे से बदबू आने की शिकायत की, तो मकान मालिक मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बेड से महिला की लाश बरामद की। शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया गया कि हत्या कई दिन पहले हुई थी।
आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेजा गया
क्राइम ब्रांच DLF की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गांव गोच्छी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आगे की पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
