29 अप्रैल 2025, गाजियाबाद: गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माणों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। उपाध्यक्ष महोदय के निर्देशों के क्रम में आज दिनांक 29.04.2025 को प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी अधिकारी के नेतृत्व में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया।
यह कार्रवाई ग्राम सीकरी खुर्द, मोदीनगर स्थित संजीवनी स्टेट कॉलोनी के पास खसरा संख्या-835 में की गई, जहां श्री विकम सिंह पुत्र स्व. श्री जगमोहन सिंह, श्री विपिन कुमार व श्री संजीव कुमार द्वारा लगभग 20 बीघा भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग कर सड़क पर टाइल्स लगाई जा रही थीं।
इन अवैध कॉलोनियों में बनाई जा रही सड़कें, बाउंड्री वॉल आदि को विकास प्राधिकरण द्वारा ध्वस्त कर दिया गया। कार्यवाही के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं ने विरोध भी किया, किंतु पुलिस बल की मौजूदगी में उन्हें नियंत्रित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई निर्बाध रूप से जारी रखी गई।
प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी अधिकारी ने चेतावनी दी कि बिना अनुमति किए गए किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। ध्वस्तीकरण की यह कार्यवाही सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 के समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल व प्रवर्तन दस्ते की उपस्थिति में संपन्न हुई।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगामी माह में भी जारी रहेगा, और अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण व सील की कार्रवाई निरंतर की जाएगी।
