रामपुर में मुस्लिम महिला सम्मेलन एवं व्यापारी सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का संबोधन

रामपुर, 26 अप्रैल 2025। रामपुर में आयोजित मुस्लिम महिला सम्मेलन एवं व्यापारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि देश के दुश्मनों को सबक सिखाने का समय आ गया है। नकवी ने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जुल्म-जुर्म के जिम्मेदारों को जमींदोज किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस्लाम को सुरक्षा कवच बनाकर इंसानियत को लहूलुहान करने वाले लोग न केवल इंसानियत के, बल्कि इस्लाम के भी दुश्मन हैं। मुल्क के सौहार्द और एकता को मजबूत रखते हुए हर हिंदुस्तानी का मकसद दहशतगर्द दरिंदों को दंडित करना होना चाहिए।

मुख्तार अब्बास नकवी ने आगाह किया कि पाकिस्तान के प्रॉक्सी प्रॉपेगंडा पपेट्स (छाया छलचंद) सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर अफवाह फैलाकर समाज में भ्रम का जाल बिछाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने देशवासियों से इन साजिशों के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य और धर्म है और मुल्क से बड़ा कोई मकसद नहीं हो सकता। हमारी एकता की ताकत, दुश्मनों के मंसूबों की आफत है। नकवी ने कहा कि आजादी के अमृत काल में संसद द्वारा पारित संकल्प के अनुसार पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को भारत में मिलाने का समय आ गया है। जम्मू-कश्मीर विधानसभा की 24 सीटें इसी उद्देश्य के लिए आरक्षित हैं।

सम्मेलन में नकवी ने भारत में चल रहे संवैधानिक सुधारों को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में सुधार और प्रगति के रास्ते पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि भारत अब सुशासन का वैश्विक ब्रांड बन चुका है।

वक़्फ संशोधन कानून पर बोलते हुए नकवी ने स्पष्ट किया कि यह सुधार प्रशासनिक व्यवस्था के लिए है, न कि किसी मजहब की धार्मिक आस्था में हस्तक्षेप करने के लिए। उन्होंने कहा कि इस कानून को लेकर भय और भ्रम फैलाने वालों की मंशा “लूट की लम्पट छूट” को बचाने की है।

नकवी ने कहा कि समावेशी संवैधानिक सुधारों पर सांप्रदायिक प्रहार करने वाले न तो देश के हितैषी हैं और न ही किसी धर्म के। उन्होंने अपील की कि समाज में सौहार्द की सुगंध को साम्प्रदायिकता की दुर्गंध से बचाया जाए।

इस अवसर पर नगर विधायक आकाश सक्सेना, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी, सहकारी बैंक के अध्यक्ष मोहनलाल सैनी, पूर्व विधायक बीना भारद्वाज, राकेश मिश्रा, अभय गुप्ता, सुभाष भटनागर, भारत भूषण गुप्ता, आशु गुप्ता, सतनाम सिंह, देवेंद्र नागपाल, संजय पाठक, अशोक बिश्नोई, शिव शर्मा, जगपाल यादव, श्रीश गुप्ता, अवधेश शर्मा, पारुल अग्रवाल, संजय चंद्रा, राजू सुमन, मनीष कथूरिया, प्रीति गुप्ता, विपिन गुप्ता, एस के गुप्ता, सोनू लोधी, नरेंद्र गंगवार, राजीव मांगलिक, आर के अग्रवाल, संदीप सोनी, आशीष गुप्ता, संजय शर्मा, अजय अग्रवाल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.