रामपुर: जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न: डीएम ने दिए विद्यालयों के निरीक्षण और कायाकल्प कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

अनुशासन, निर्माण कार्य और नामांकन पर विशेष जोर, अनुपस्थित छात्रों की सूची बनाने का आदेश, कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक, डीएम और एसपी रहे मौजूद

रामपुर: जिलाधिकारी श्री जोगिंदर सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री विद्या सागर मिश्र की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता, आधारभूत ढांचे और विद्यालयों में अनुशासन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

विद्यालयों के नियमित निरीक्षण और अनुपस्थित अध्यापकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कल्पना देवी और खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान यदि कोई अध्यापक बिना अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित पाया जाता है, तो सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही बेसिक शिक्षा कार्यालय की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के भी निर्देश दिए गए।

कस्तूरबा गांधी विद्यालय में निर्माण कार्यों में तेजी और शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य
डीएम ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में डॉरमेट्री और कंप्यूटर लैब के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और अप्रैल माह के अंत तक नामांकन शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बुनियादी ढांचे में सुधार पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में बाउंड्री वॉल, शौचालय, टाइलिंग, रंगाई-पुताई जैसे कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने फर्नीचर आपूर्ति, स्कूल चलो अभियान, एवं अन्य बिंदुओं पर भी समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का आदेश दिया।

स्टॉक रजिस्टर बनाने और अनुपस्थित छात्रों की सूची तैयार करने के निर्देश
डीएम ने बीएसए को निर्देशित किया कि विद्यालयों के लिए खरीदी गई सामग्री का स्टॉक रजिस्टर बनाया जाए। साथ ही, 45 दिनों से अधिक समय तक बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले छात्रों को चिन्हित कर सूची तैयार की जाए।

दिव्यांग बच्चों की पहचान और ‘समर्थ ऐप’ पर शत-प्रतिशत फीडिंग के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में दिव्यांग बच्चों की पहचान कर, उनकी जानकारी समर्थ ऐप पर फीडिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया जाए, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ समय से मिल सके।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की रही भागीदारी
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसपी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी श्री पूरन सिंह चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री जितेन्द्र जायसवाल, डायट प्राचार्य श्रीमती नीलम रानी टम्टा सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.