राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर विकास भवन में हुआ कार्यक्रम, प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वच्छता संकल्प को लेकर ग्राम प्रधानों को दिलाई गई शपथ
रामपुर: राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ख्याली राम लोधी ने की। इस दौरान माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मधुबनी, बिहार से दिए गए राष्ट्र को संबोधन का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया।
प्रधानमंत्री ने योजनाओं के लाभार्थियों तक प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
प्रधानमंत्री जी ने अपने संबोधन में आवास निर्माण, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, पेंशन, उज्ज्वला योजना, स्वयं सहायता समूह जैसी लाभार्थीपरक योजनाओं का उल्लेख करते हुए इनका लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध और तत्परता से पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
वाद्य यंत्रों का वितरण एवं स्वच्छता संकल्प
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा जनपद की सबसे बड़ी 6 ग्राम पंचायतों को ढोलक, मंजीरा एवं हारमोनियम जैसे वाद्य यंत्र वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त उपस्थित ग्राम प्रधानों और अधिकारियों को “स्वच्छ एवं सुजल संकल्प” की शपथ भी दिलाई गई।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर परियोजना निदेशक श्री डी.एन. तिवारी, सभी जिला स्तरीय अधिकारी, पंचायती राज विभाग के कर्मचारी और ग्राम प्रधानगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पंचायती राज की सशक्त भूमिका और ग्राम विकास में उसकी सहभागिता को रेखांकित किया गया।
