भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई: पटवारी हरप्रीत सिंह 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
सीएम भगवंत मान की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विजिलेंस ब्यूरो की सख्त कार्रवाई
अमृतसर : पंजाब सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए सुल्तानविंड हल्के में तैनात पटवारी हरप्रीत सिंह को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार को की गई।
प्लॉट के राजस्व रिकॉर्ड में सुधार के बदले मांगी थी 2.50 लाख की रिश्वत
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार, शिकायत सुल्तानविंड के एक स्थानीय निवासी ने की थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि पटवारी हरप्रीत सिंह ने उसके प्लॉट के राजस्व रिकॉर्ड में सुधार करने के बदले 2.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। पटवारी ने यह भी स्पष्ट किया था कि यह रकम तहसीलदार और गिरदावर के बीच बांटी जाएगी, जिसमें से खुद वह 50 हजार रुपए लेगा।
जाल बिछाकर दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में की गई गिरफ्तारी
विजिलेंस टीम ने शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद योजना बनाकर पटवारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार, दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में पटवारी हरप्रीत सिंह को 50 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
विजिलेंस थाने में मामला दर्ज, आगे की जांच जारी
गिरफ्तारी के बाद पटवारी के खिलाफ विजिलेंस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
